अहमदाबाद विमान हादसे के घायलों की मदद के लिए राजस्थान सेवा समिति ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन
विश्व रक्तदान दिवस पर मानवता को समर्पित अनुकरणीय पहल
अहमदाबाद, 14 जून 2025 — हाल ही में शहर में हुई भयावह विमान दुर्घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। कई जिंदगियां असमय घायल हुईं और अस्पतालों में भर्ती इन लोगों के इलाज के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता महसूस की गई। ऐसे समय में शाहीबाग स्थित राजस्थान सेवा समिति ने आगे आकर जो कार्य किया, वह न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा भी है।
विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर समिति ने प्रथमा रक्त अधिकोष के सहयोग से एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य था — विमान हादसे में घायल लोगों के उपचार हेतु रक्त की आपूर्ति सुनिश्चित करना। आयोजन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में नागरिक शिविर स्थल पर पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई। लोगों के चेहरों पर न कोई संकोच था, न कोई दिखावा केवल मदद करने का संकल्प था।
शिविर की व्यवस्थाओं में समिति से जुड़े शिक्षकगण, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा से सहयोग किया। किसी ने पंजीकरण संभाला, तो किसी ने रक्तदाताओं को जूस और भेंट देकर सम्मानित किया। यह सिर्फ एक आयोजन नहीं था, बल्कि एक सजीव उदाहरण था कि कैसे आपदा के समय भी समाज संगठित होकर मदद के लिए आगे आता है।
इस अवसर पर राजस्थान सेवा समिति ट्रस्ट मंडल के मानद मंत्री श्री दीपचंद जी बाफना, संयुक्त मंत्री श्री राजेन्द्र जी बागरेचा, ट्रस्टी श्री अशोक जी बाफना एवं श्री कुशल जी भंसाली की उपस्थिति रही। उनके साथ दरियापुर विधायक श्री कौशिक भाई जैन और गुजरात सरकार के निदेशक अभियोजन श्री ए. आर. पटेल ने भी शिविर में भाग लेकर उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन किया। सभी अतिथियों ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया और आम नागरिकों को रक्तदान जैसे कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
संस्था ने इस अवसर पर सभी रक्तदाताओं, सहभागी नागरिकों, और अतिथियों का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि भविष्य में भी इसी भावना से समाजसेवा के कार्य होते रहेंगे। राजस्थान सेवा समिति की यह पहल यह साबित करती है कि जब बात मानवता की हो, तो संगठनों से लेकर आम आदमी तक, हर कोई एकजुट होकर खड़ा हो सकता है।
समाचार संकलन :- दिनेश देवड़ा धोका



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें