*हेलमेट सिर्फ एक चीज़ नहीं, ज़िंदगी की हिफाज़त है*
हमारे जीवन में सबसे अनमोल चीज़ क्या है? न संपत्ति, न सफलता सबसे अनमोल है हमारा जीवन। और जब हम सड़कों पर निकलते हैं, तो यही जीवन सबसे ज्यादा असुरक्षित होता है। तेज़ रफ्तार, अनियंत्रित वाहन, ट्रैफिक की लापरवाही, सब मिलकर एक छोटी सी चूक को गंभीर दुर्घटना में बदल सकते हैं। ऐसे में हमारी सुरक्षा का सबसे सच्चा साथी बनता है हेलमेट।
पर क्या आपने कभी सोचा है कि इस हेलमेट नाम के पीछे कोई अर्थ भी हो सकता है? दरअसल, HELMET शब्द अपने आप में उन सभी अंगों की रक्षा का प्रतीक है, जिन्हें यह ढकता है और बचाता है। इसका एक अर्थपूर्ण विस्तार इस प्रकार समझा जा सकता है: H यानी Head, E – Eyes, L – Lips, M – Mouth, E – Ears, और T – Teeth। ये सभी चेहरे के वो हिस्से हैं जो किसी भी सड़क दुर्घटना में सबसे पहले और सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। इसीलिए इसको HELMET कहा गया क्योंकि यह सिर से लेकर चेहरे तक, हर जरूरी हिस्से की सुरक्षा करता है।
हेलमेट कोई फैशन की चीज़ नहीं, यह जीवनरक्षा का कवच है। जो हर दिन सड़क पर अपनी और अपनों की उम्मीदें लेकर निकलता है। जब हम हेलमेट पहनते हैं, तो हम अपने सिर की नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार के भविष्य की सुरक्षा करते हैं। माँ-बाप की दुआएं, बच्चों की मुस्कान और जीवनसाथी की उम्मीदें सब इसी में बसी होती हैं।
आज भी बहुत से लोग हेलमेट को सिर्फ पुलिस से बचने का ज़रिया मानते हैं। लेकिन असली समझ तब आती है जब कोई हादसा सामने होता है। हेलमेट का महत्व तब नहीं समझना चाहिए जब जान बच जाए, बल्कि तब समझना चाहिए जब जान बचाई जा सकती है।
सड़क पर स्कूटर चलाने से पहले एक बार शीशे में खुद को देखिए क्या आप अपने परिवार के लिए ज़िम्मेदार हैं? अगर हाँ, तो हेलमेट पहनना आपकी पहली ज़िम्मेदारी है। यह कानून से कहीं ऊपर, आपकी अंतरात्मा की आवाज़ है।
हेलमेट सिर्फ एक वस्तु नहीं, यह एक आदत है। एक सोच है, जो कहती है जान है तो जहान है। इसलिए अगली बार जब आप वाहन लेकर निकलें, तो खुद से एक वादा करें हेलमेट पहनना न भूलें, क्योंकि यह छोटा सा कवच, आपके जीवन का सबसे बड़ा रक्षक बन सकता है।
HELMET ये सिर्फ छह अक्षर नहीं, ये एक जीवनशैली है। इसे पहनकर जाए, और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कीजिए।
दिनेश देवड़ा धोका



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें