गर्मियों की यादगार छुट्टियाँ: महाबलेश्वर और पंचगनी की गोद में बसे शिवाजी सदन विला का अनुभव
हर साल गर्मियों की छुट्टियों का बेसब्री से इंतज़ार होता है, लेकिन इस बार की छुट्टियाँ कुछ अलग ही रंग लेकर आईं। हम चार कपल अपने बच्चों के साथ 2 may 2025 को चार दिन के प्रवास पर जब पंचगनी और महाबलेश्वर की ओर निकले, तो मन में उमंगों की तरंगें थीं। यात्रा की असली खूबसूरती तब सामने आई जब हमने अपना ठिकाना शिवाजी सदन विला में बनाया, जो इन दोनों पर्यटन स्थलों के बीच प्रकृति की गोद में बसा है।
शिवाजी सदन विला न केवल जगह के लिहाज़ से आकर्षक था, बल्कि वहां का वातावरण भी अत्यंत सुकूनदायक था। पाँच बेडरूम और दो बड़े हॉल वाला यह विला पूरी तरह सुविधाओं से सुसज्जित था, जिसमें स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया था। विला का स्विमिंग पूल बच्चों के लिए उत्साह का केंद्र बना रहा, जहां हँसी-ठिठोली और मस्ती का दौर चलता रहा।
वहां के केयर टेकर शिवाजी भैया की आत्मीयता ने इस प्रवास को और भी विशेष बना दिया। उनका व्यवहार इतना सरल और सहयोगपूर्ण था कि उन्होंने हमें अपने परिवार के सदस्य जैसा महसूस कराया। हमारी हर छोटी-बड़ी आवश्यकता का ध्यान रखा और बच्चों की इच्छाओं का भी पूरा सम्मान किया। उनकी देखरेख में हमें एक खास अनुभव तब हुआ जब वे हमें स्ट्रॉबेरी फार्म पर ले गए, जहाँ बच्चों ने स्वयं अपने हाथों से स्ट्रॉबेरी तोड़ी। उस पल बच्चों की आंखों में जो चमक और उत्साह था, वह शब्दों से परे है।
महाबलेश्वर के दर्शनीय स्थलों की यात्रा के दौरान हमें धार्मिक स्थलों के दर्शन का भी सौभाग्य मिला। जहां एक ओर सनातन मंदिरों में शांति और श्रद्धा का अनुभव हुआ, वहीं जैन मंदिर में हमें विशेष रूप से सौभाग्य प्राप्त हुआ। हम उस दिन वहां पहुँचे जब मंदिर की 32वीं वर्षगांठ का ध्वजारोहण समारोह हो रहा था। उस पावन अवसर पर दर्शन और पूजा में शामिल होकर हमने न केवल पर्यटन का आनंद लिया बल्कि एक आध्यात्मिक ऊर्जा को भी महसूस किया।
इस पूरे प्रवास का सबसे सुखद पहलू यह रहा कि जहां हम ठहरे थे, वहां का वातावरण इतना शांत और आरामदायक था कि आधी यात्रा की थकान वहीं मिट गई। अच्छी जगह, अच्छा मौसम और आत्मीय सेवा ये तीनों मिलकर इस यात्रा को अविस्मरणीय बना गए।
शिवाजी सदन विला और शिवाजी भैया ने हमारी छुट्टियों को केवल एक सफर नहीं, बल्कि एक मधुर स्मृति बना दिया। इस आनंदमय प्रवास के लिए हम दिल से शिवाजी भैया का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने हमारे हर पल को खास बना दिया। महाबलेश्वर और पंचगनी की ये यात्रा हमेशा हमारे दिल में एक खुशनुमा एहसास बनकर बनी रहेगी।
दिनेश जैन (देवड़ा धोका) अहमदाबाद





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें