उदयपुर से वैष्णोदेवी के भक्तों के लिए खुशखबरी: रेलवे ने शुरू की स्पेशल ट्रेन सेवा, अब होगा सीधा सफर माता के दरबार तक
उदयपुर | उदयपुरवासियों के लिए मां वैष्णोदेवी के दर्शन अब और आसान होने जा रहे हैं। भारतीय रेलवे ने श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात देते हुए उदयपुर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए सीधी विशेष रेल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 09603/09604, उदयपुर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा-उदयपुर स्पेशल, हिसार रूट से होकर चलाई जाएगी और यह सेवा 9 अप्रैल से 26 जून 2025 तक कुल 12 फेरे लगाएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन संख्या 09603 हर बुधवार दोपहर 1:50 बजे उदयपुर सिटी से रवाना होगी और शाम 5:30 बजे हिसार पहुंचेगी। यहां से शाम 6:00 बजे चलकर यह ट्रेन अगली सुबह 6:35 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09604 हर गुरुवार सुबह 10:50 बजे कटरा से रवाना होकर रात 9:45 बजे हिसार पहुंचेगी और रात 10:15 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 1:55 बजे पुनः उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
यह ट्रेन सेवा दोनों दिशाओं में राणा प्रतापनगर, मावली, चंदेरिया, भीलवाड़ा, मांडल, विजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, सीकर, नवलगढ़, झुंझुनूं, चिड़ावा, सुरजगढ़, लोहारू, सादुलपुर, सिवानी, हिसार, धुरी, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मूतवी और अंत में कटरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
इस विशेष रेल सेवा से अब उदयपुर और आसपास के श्रद्धालुओं को जयपुर या दिल्ली जैसे बड़े स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सीधे उदयपुर से वैष्णोदेवी के पवित्र धाम तक का यह रेल सफर भक्तों के लिए एक वरदान साबित होगा। श्रद्धालुओं में इस घोषणा को लेकर उत्साह है और रेलवे के इस कदम की सराहना हो रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें