बीजेएस वी.वी. पुरम चेप्टर द्वारा छात्राओं के लिए करियर कम्पास सेशन और सर्टिफिकेशन प्रोग्राम का भव्य आयोजन
बैंगलोर, कर्नाटक।
भारतीय जैन संघटना (बीजेएस) वी.वी. पुरम चेप्टर द्वारा हाइक ड्रीम ट्यूटोरियल, चामराजपेट में एक प्रेरणादायक सर्टिफिकेशन प्रोग्राम एवं करियर कम्पास सेशन का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रवक्ता श्री दिनेश सालेचा ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 50 छात्र एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
करियर कम्पास सेशन का शुभारंभ शाम 4 बजे हुआ और यह 6 बजे तक चला। सत्र का संचालन श्री हितेश छाजेड़ ने अत्यंत कुशलता से किया। इस सत्र के दौरान छात्रों के साथ सक्रिय और सार्थक संवाद देखने को मिला, जिसमें करियर योजना, आत्मविश्वास निर्माण और भविष्य की संभावनाओं पर विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बीजेएस रीजन हेड श्री सुरेशकुमार कानुगा, चेप्टर अध्यक्ष श्रीमती सारिका लुंकड़, सचिव श्रीमती रेशमा बडोला तथा प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर्स श्रीमती मोनिका पालरेचा, श्रीमती स्नेहा गौरव संचेती और श्रीमती ईशा बोहरा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के समापन पर बीजेएस परिवार की ओर से श्री प्रवीण लुंकड़ एवं हाइक ड्रीम ट्यूटोरियल के श्री पर्वेश जैन का आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर द्वितीय पीयूसी परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
सम्मान समारोह ने न केवल प्रतिभागी छात्रों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि उन्हें अपने भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित भी किया।
यह आयोजन निःसंदेह एक प्रभावशाली पहल रही, जिसने युवा प्रतिभाओं के सपनों को एक दिशा देने का कार्य किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें