जैन संतों पर हमले के विरोध में जोधपुर मे मौन जुलूस, बड़ी संख्या में समाजजन शामिल
मध्य प्रदेश के नीमच जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र के कछाला गांव में दो दिन पहले उस वक्त सनसनी फैल गई जब बालाजी मंदिर में विश्राम कर रहे तीन जैन संत – मुनि शैलेष मुनि जी, बलभद्र मुनि जी और मुनींद्र मुनि जी – पर रात को कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हमले में संतों को गंभीर चोटें आईं, जिससे पूरे देशभर के जैन समाज में गहरा आक्रोश है।
इस घटना के विरोध में बुधवार को जोधपुर में समग्र जैन समाज की ओर से शांतिपूर्ण मौन जुलूस निकाला गया।
महावीर कॉम्प्लेक्स, सरदारपुरा से शुरू होकर यह जुलूस कलेक्ट्रेट तक पहुंचा, जहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मध्य प्रदेश के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
इस जुलूस में बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शामिल हुईं।
पुरुष सफेद वस्त्रों में और महिलाएं लाल चुंदड़ी ओढ़े हुए पूरे अनुशासन के साथ जुलूस में शामिल रहीं।
सभी ने हाथों में तख्तियां लेकर शांति, सुरक्षा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को दर्शाया।
समाज की ओर से मांग रखी गई कि साधु-संतों के विहार के दौरान उनकी सुरक्षा पुख्ता की जाए और इस घटना में शामिल आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिले, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
जुलूस के माध्यम से पूरे समाज ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि अहिंसा के मार्ग पर चलने वाले संतों के साथ हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें