गुरुदर्शन यात्रा के सफल समापन पर श्रीश्रीमाल परिवार का भव्य सम्मान
मदुरै (तमिलनाडु): श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के तत्वावधान में सेलम शहर में विराजित पूज्य गुरुदेव श्री नरेशमुनिजी म. सा. एवं युवा मनीषी श्री शालिभद्र मुनिजी म. सा. आदि ठाणा के पावन दर्शनार्थ आयोजित गुरुदर्शन वंदन यात्रा के समापन पर श्रीश्रीमाल परिवार का भव्य सम्मान किया गया। इस यात्रा में लाभार्थी विजराजजी, दिनेशकुमारजी एवं आशीषकुमारजी श्रीश्रीमाल परिवार ने 50 श्रद्धालुओं के साथ गुरुदर्शन वंदन का पुण्य अर्जित किया। इस पावन यात्रा की अनुमोदना स्वरूप श्रावक संघ द्वारा लाभार्थी परिवार का तिलक, माला, साफा, चुनड़ी एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं गणमान्यजनों ने श्रीश्रीमाल परिवार के इस पवित्र कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे आध्यात्मिक समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस अवसर पर संघ के दीपचंद मोदी, रमेशकुमार कांकरिया, भागचंद बाफना, सुरेश सालेचा, प्रकाशमल गुलेच्छा, पारसमल चौपड़ा, शांतिलाल गुलेच्छा, धनराज चौपड़ा, रतनचंद भंडारी, मुकेशकुमार चौपड़ा, प्रदीप बाबेल, आनंद भंडारी, दिलखुश भंडारी, सुमित सुराणा, दिनेश श्रीश्रीमाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। इसके अलावा, श्री सुमतिनाथ जैन संघ के जवेरीलाल बाफना, श्री तेरापंथ सभा के मोहनलाल तातेड़ सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं, महिलाएं एवं बच्चे इस शुभ अवसर के साक्षी बने।
इस अवसर पर लाभार्थी परिवार ने भाव-विभोर होकर कहा कि पूज्य गुरुदेव के पावन दर्शन और उनके आशीर्वाद से उन्हें अनंत आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हुई। उन्होंने श्रावक संघ के सभी सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस यात्रा को सफल बनाने में संघ की भूमिका अतुलनीय रही। कार्यक्रम के अंत में लाभार्थी परिवार ने गुरुदर्शन यात्रा के दौरान सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं संघ के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
गुरु कृपा से लाभान्वित यह यात्रा, श्रावक संघ के उत्साह और समर्पण का प्रतीक बनी, जिसने समाज में धार्मिक भावना को और प्रगाढ़ किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें