भारत में हाइपरलूप युग की शुरुआत – अब दिल्ली से जयपुर का सफर सिर्फ 30 मिनट में!
Hyperloop Train
भारत ने परिवहन की दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया है! देश का पहला हाइपरलूप टेस्ट ट्रैक अब तैयार हो चुका है। आईआईटी मद्रास और रेल मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से बने इस ट्रैक ने भविष्य के सफर की एक झलक दिखा दी है। जिस सफर को तय करने में आज घंटे लगते हैं, वही दूरी हाइपरलूप के जरिए कुछ ही मिनटों में पूरी होगी।
दिल्ली से जयपुर सिर्फ आधे घंटे में! यह कोई सपना नहीं, बल्कि भारत की नयी उड़ान की सच्चाई बनने जा रही है। 422 मीटर लंबे टेस्ट ट्रैक पर इस क्रांतिकारी तकनीक का परीक्षण शुरू हो चुका है। अगर सबकुछ योजना के मुताबिक चला, तो वह दिन दूर नहीं जब बुलेट ट्रेन भी इसकी रफ्तार के सामने धीमी लगेगी।
हाइपरलूप तकनीक में ट्रेनें वैक्यूम ट्यूब में चलती हैं, जहां हवा का दबाव न के बराबर होता है। चुंबकीय बल से चलने वाली यह ट्रेन घर्षण के बिना 1,100 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकती है। इतनी तेज गति कि आज की सबसे आधुनिक ट्रेनों और हवाई जहाज को भी पीछे छोड़ दे!
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस प्रोजेक्ट को देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि यह तकनीक भारत के यातायात भविष्य को बदलने वाली है। इस टेस्ट के बाद अगला लक्ष्य है 40 से 50 किलोमीटर लंबे रूट पर इसे लागू करना, जिससे आम जनता को भी इस अनुभव का लाभ मिले।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें