शाहीबाग अहमदाबाद में आचार्य भगवंत यशोवर्म सूरिश्वरजी महाराजा का भव्य आगमन
आज शाहीबाग, अहमदाबाद में परम श्रद्धेय आचार्य भगवंत यशोवर्म सूरिश्वरजी महाराजा का भव्य स्वागत हुआ। आदेश्वर टॉवर से गाजते-बाजते हुए आचार्यश्री गिरधर नगर जैन संघ में पधारे। संघ में प्रवेश के पश्चात उन्होंने सर्वप्रथम जिनालय में दर्शन किए और वहां उपस्थित श्रद्धालुओं को मांगलिक प्रवचन की अमृतवाणी से लाभान्वित किया।
अपने प्रेरणादायी प्रवचन में आचार्यश्री ने कहा कि "ऋषभराज्य (गिरधर नगर) से शंखेश्वर साम्राज्य तक की अवधि में हर कदम पर गिरधर नगर के श्रावक-श्राविकाओं की सहभागिता रही है।" उन्होंने शंखेश्वर साम्राज्य में संपन्न हुए उपधान तप की विशेष रूप से सराहना की। इस तप में गिरधर नगर जैन संघ से लगभग 35 आराधकों ने भाग लिया था, जिनमें से 15 से 20 छोटे तपस्वी भी शामिल थे।
आचार्य भगवंत ने प्रवचन के दौरान उपधान तप के आराधकों का श्री संघ द्वारा बहुमान कर अनुमोदना की। संघ द्वारा विशेष रूप से उन आराधकों का सम्मान किया गया जिन्होंने तपस्या में संलग्न होकर धर्म की साधना की मिसाल पेश की। सम्मान स्वरूप आराधकों को तिलक, माला, श्रीफल व कवर देकर बहुमान किया गया।
प्रवचन में आचार्य भगवंत ने गिरधर नगर जैन मंदिर को शिखर बंध मंदिर बनाने की प्रेरणा भी दी,
इस शुभ अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने भक्तिभाव से आचार्यश्री के दर्शन और प्रवचन का लाभ लिया।
विशेष रूप से नन्हे-मुन्ने उपधान तप आराधकों ने भी अपने तप के दौरान हुए अनुभवों को श्रद्धालुओं के साथ साझा किया, जिसे सुनकर संघजन भावविभोर हो गए।
गिरधर नगर जैन संघ में आचार्य भगवंत यशोवर्म सूरिश्वरजी महाराजा के आगमन से धर्म और तप की महिमा को और बल मिला। संघ द्वारा आयोजित इस दिव्य आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और धर्ममय वातावरण में आत्मिक शांति का अनुभव किया।
आचार्य भगवंत की गिरधर नगर संघ में एक दिन की स्थिरता है। कल वे विहार कर सोला रोड जाएंगे, जहां पर गच्छाधीपति आचार्य भगवंत राजयश सूरिश्वर जी महाराजा की सेवा में दो दिन की स्थिरता रहेगी। उसके बाद विहार कार्यक्रम के अनुसार करेंगे।



.jpeg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें